
पटना, शनिवार, दिनांक 30.04.2022ः- जिला दंडाधिकारी, पटना डॉ. चंद्रशेखर सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना मानवजीत सिंह ढिल्लो द्वारा आज समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में ईद-उल-फित्र (ईद), 2022 के अवसर पर विधि-व्यवस्था संबंधी बैठक की गई।

अधिकारीद्वय ने एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना तथा साम्प्रदायिक सौहार्द्र बनाये रखना सुनिश्चित करने का निदेश दिया। डीएम डॉ0 सिंह व एसएसपी ढिल्लो ने कहा कि विधि-व्यवस्था का संधारण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी संयुक्त जिलादेश में वर्णित निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करें।

विदित हो कि इस वर्ष ईद का त्योहार दिनांक 02/03 मई, 2022 को चाँद के दृष्टिगोचर होने के अनुसार मनाये जाने की संभावना है।
डीएम डॉ0 सिंह व एसएसपी ढिल्लो ने कहा कि सभी प्रशासनिक तैयारियाँ पूरी कर ली गयी हैं। महत्वपूर्ण स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर कार्यक्रम समाप्ति तक मुस्तैद रहेंगे। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। अफवाह फैलानेवालों के विरूद्ध त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यथेष्ट प्रशासनिक सतर्कता,
निरोधात्मक एवं सुरक्षामूलक कार्रवाई की जाएगी। भा0दं0वि0 संहिता की धारा 153 एवं 305 (यथा संशोधित) के अंतर्गत साम्प्रदायिकता फैलाने वाले तत्वों के विरूद्ध दण्ड देने का समुचित प्रावधान है। ये धाराएँ अब संज्ञेय और गैर जमानती है। सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप के माध्यम से संदेहास्पद सूचनाओं के आदान-प्रदान पर विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके द्वारा अफवाह फैलाने वालों के विरूद्ध समुचित कार्रवाई की जाएगी।
डीएम डॉ0 सिंह व एसएसपी ढिल्लो के नेतृत्व में ईद के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। *विधि-व्यवस्था के मद्देनजर 261 (दो सौ एकसठ) स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनके साथ सशस्त्र बल तथा लाठी बल को भी लगाया गया है। संवेदनशील स्थानों पर अत्याधिक सतर्कता बरती जाएगी। पटना सदर अनुमंडल में 60 स्थानों, पटना सिटी अनुमंडल में 61 स्थानों, दानापुर अनुमंडल में 21 स्थानों, बाढ़ अनुमंडल में 58 स्थानों, मसौढ़ी अनुमंडल में 38 स्थानों तथा पालीगंज अनुमंडल में 23 स्थानों पर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।*
जिला प्रशासन के अंतर्गत 24x7 जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इसकी दूरभाष संख्या 0612-2219810/2219234 है। आवश्यकतानुसार जिला नियंत्रण कक्ष तथा पुलिस नियंत्रण कक्ष, पटना से भी दूरभाष सं0-डायल-100/9470001389 पुलिस हेल्प लाईन पर सम्पर्क स्थापित किया जा सकता है। जिला नियंत्रण कक्ष में तीन पालियों में 25 सुरक्षित दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। गाँधी मैदान (नमाज स्थल) में 06 सुरक्षित दण्डाधिकारियों को रखा गया है। पटना सिटी नियंत्रण कक्ष में 09 सुरक्षित दण्डाधिकारियों, दानापुर अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 07 सुरक्षित दण्डाधिकारियों, बाढ़ अनुमंडल में 02 सुरक्षित दण्डाधिकारियों, मसौढ़ी अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 02 सुरक्षित दण्डाधिकारियों तथा पालीगंज अनुमंडल नियंत्रण कक्ष में 06 सुरक्षित दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
गाँधी मैदान, पटना में नमाजियों का आगमन गेट नं. 5, 7 एवं 10 से होगी तथा वाहन के साथ आने वाले नमाजियों के वाहनों का प्रवेश गेट नं. 5 एवं 7 से होगा। इन वाहनों की पार्किंग गेट नं. 5 एवं 7 के बीच बैरिकेडिंग कर की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक, यातायात अपनी निगरानी में पार्किंग की व्यवस्था कराएंगे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से दिनांक 01.05.2022 के पूर्वाह्न 10 बजे से गाँधी मैदान में आम जन के प्रवेश पर रोक रहेगी। गाँधी मैदान में एक अस्थायी 24x7 थाना कार्यरत रहेगा।
डीएम डॉ0 सिंह व एसएसपी ढिल्लो ने कहा है कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी/थानाध्यक्ष/सीओ/एसडीओ/एसडीपीओ की विशेष जिम्मेवारी है। सभी संबंधित पदाधिकारियेां को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत शांति समिति की बैठक करने को कहा गया है।
थानाध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों को आसूचना तंत्र को सुदृढ़ कर विधि-व्यवस्था संधारण को सफल बनाने का निदेश दिया गया है। थानाध्यक्ष ही अपने-अपने इलाके में विधि-व्यवस्था के लिए पूर्ण रूप से उत्तरदायी हैं। एसडीओ एवं एसडीपीओ अपने-अपने संबंधित थाना क्षेत्र में पर्व के दरम्यान 24 घंटे गश्ती की व्यवस्था अपने स्तर से सुनिश्चित करेंगे।
डीएम डॉ0 सिंह व एसएसपी ढिल्लो ने पदाधिकारियों को अभी से ही अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च शुरू करने, वाहनों, होटल, लॉज, गेस्ट हाउस का जाँच करने तथा मोबाइल पेट्रोलिंग करने का निदेश दिया है। अधिकारीद्वय ने पदाधिकारियों को सभी भागीदारों (स्टेकहोल्डर्स) से स्वस्थ एवं सार्थक संवाद बनाए रखने को कहा।
सभी अनुमण्डल पदाधिकारी एवं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था के पूर्ण प्रभार में रहेंगे। विधि-व्यवस्था संधारण एवं अन्य व्यवस्थाओं के वरीय सम्पूर्ण प्रभार में कृष्ण कन्हैया प्रसाद सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी, विधि-व्यवस्था एवं अम्बरीष राहुल, नगर पुलिस अधीक्षक मध्य, पंकज कुमार नगर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, प्रमोद कुमार यादव, नगर पुलिस अधीक्षक पूर्वी तथा विनीत कुमार पुलिस अधीक्षक ग्रामीण रहेंगे।
डीएम डॉ0 सिंह व एसपी ढिल्लो ने कहा कि ईद-उल-फित्र शांति एवं सौहार्द्र का पर्व है। इससे आपसी भाईचारा का मार्ग प्रशस्त होता है।
डीएम डॉ0 सिंह व एसपी ढिल्लो ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को पूरी निष्ठा से कर्तव्य-निर्वहन करने का निदेश दिया है। अधिकारीद्वय ने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही गंभीर कर्तव्यहीनता मानी जाएगी।
आज के इस बैठक में डीएम व एसएसपी के साथ नगर पुलिस अधीक्षक मध्य, पूर्वी, पश्चिमी, पुलिस अधीक्षक यातायाता, अपर जिला दण्डाधिकारी विधि-व्यवस्था, सभी अनुमंडलाधिकारी, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य भी उपस्थित थे।

